जीवन
क्या आप डिप्रेशन और उदासी के शिकार हैं? डिप्रेशन और उदासी से कैसे निपटें?
क्या आप डिप्रेशन और उदासी से गुज़र रहें हैं? इसके बहुत से कारण हैं। डिप्रेशन केवल कमज़ोर लोगों को नहीं होता, ये किसी को भी हो सकता है। जानिए सामान्य उदासी और डिप्रेशन में फ़र्क़। जानिए इसके कारण और इससे बाहर निकालने के कुछ उपाए।
कहानी डिप्रेशन की
आपको अखिल मेनन याद है? वो 27 साल का युवक जो ट्विटर पर एक बहुत मज़ाकिया अकाउंट चलाता था। उसके 50,000 फॉलोवर्स थे, वो हमेशा राजनीति पर चुटकुले भी बनाता था। वर्ष 2015 में उसने एक पानी की टंकी से कूदकर जान दे दी। शायद ये शख्स आपके ज़ेहेन में ना आए लेकिन आपको जिया ख़ान तो याद होगी। एक खूबसूरत प्रतिभाशाली अभिनेत्री, उसे पहली ही फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका मिला। ये बेहद दुख की बात है कि जिया ने भी डिप्रेशन में आकर अपनी जान दे दी।
इन आत्महत्याओं के पीछे किसी तरह का दुख, असफलता या डिप्रेशन था। अगर आपके मन में कोई गहरा दुख, तनाव है या आपने हाल ही में किसी बड़ी असफलता का सामना किया है तो ये लेख आपके लिए है। डिप्रेशन एक धीमा कातिल है। ये ज़रूरी है की आप इसे पहचानें। याद रखिए हम सभी को कभी ना कभी जीवन में मदद की ज़रुरत पड़ती है। हो सकता है आपको अन्य लोगों से ज़्यादा ज़रूरत हो, आपको अगर सामान्य से अधिक उदासी महसूस हो, तो मदद के लिए मत हिचकिचायें। हमसे बात करिए।