जीवन
काम के तनाव से कैसे बचें? तनाव के कुछ कारण और टिप्स उससे बचने के लिए।
क्या है काम का तनाव? आज के समय में हम सभी इस तनाव से गुज़रते हैं। क्या हमें अपने जीवन में कुछ बदलने की ज़रूरत है या परिस्थितियों के साथ समझौता करते रहें?
तनाव क्या है?
जब आप Google करते हैं – काम के तनाव से बचने के तरीके/ या स्ट्रेस से – तो आपको तकरीबन 7 करोड़ परिणाम मिलते हैं। लेकिन अधिकतर लिंक या लेख लक्षणों का इलाज बताते हैं न कि कारण का।
हम काम से होने वाले तनाव को एक छोटा सा हिस्सा मानकर चलते हैं। लेकिन वास्तव में वह हमारे पूरे जीवन पर असर डालता है। हमारे संसाधनों, भावनाओं, उर्जा और बुद्धि पर लगातार होने वाली माँगों से हमारा पूरा जीवन ही प्रभावित होता है। यह माँगे हमें शारीरिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक तौर पर प्रभावित करती हैं।
और इसका इलाज हर रोज़ ध्यान या योग करना नहीं है। काम से होने वाले तनाव को दूर करने के लिए हमें उसके कारणों को समझना होगा।
आइए जानें क्या आपको काम की टेंशन इन में से किन्ही कारणों से हो रहा है:
2. काम पर नियंत्रण: या ऑफ़िस में आपका समय किसी तरह से बर्बाद होता है? जैसे सोशल मीडिया पर, या मुलाक़ातों में। क्या आपके पास हर रोज़ काम ख़त्म करने का पर्याप्त समय होता हैं? क्या आपको आपका काम ठीक तरह से समझाया जाता है? इन सवालों से जानने की कोशिश कीजिए की आपका, आपके काम पर कितना नियंत्रण है। क्या आपको काम की टेंशन रहती है?
3. ग़लत आदतें: आप किस तरह से काम करते हैं ? क्या आप हर रोज़ एक सूची बनाते हैं? क्या आपको हर रोज़ मालूम होता है की आपको आज कौन से काम निपटाने है? क्या आपकी प्राथमिकतायें निर्धारित हैं? कौन यह प्राथमिकतायें निर्धारित करता है? क्या आप बहुत अधिक समय ईमेल का जवाब देने, चेटिंग करने या सोशल मीडिया पर बिताते हैं?
4. काम के प्रति समर्थन और समर्पण: क्या आपको अपना काम पसंद है? क्या आपको अपने काम की लगन पर नाज़ है? क्या आपको ऑफ़िस में अपने मैनेजर या सहकर्मियों का समर्थन मिलता है? इन बातों से यह पता चलता है कि तनाव की वजह आपके काम का तरीका है या परिस्थितियाँ।
5. सहकर्मियों से आपके संबंध: आप अकेले काम करना पसंद करते हैं या समूह के साथ? आपके अपने सह-कर्मियों के साथ या मैनेजर के साथ संबंध कैसे हैं? क्या आप दूसरों की मदद करते हैं और क्या आपको मदद मिलती है? अगर आप नौकरी करते हैं तो यह सवाल ज़रूरी हैं क्योंकि ऑफ़िस में आप चाहें या न चाहें, आपको सबके साथ मिलकर ही काम करना होता है।
6. बॉस का व्यवहार: कई बार आप को तनाव सिर्फ़ इसलिए होता है क्योंकि हर रोज़ आपको अपने बॉस के साथ निपटना पड़ता है। हो सकता है आप हर रोज़ एक अहंकारी और कठिन सीनियर या बॉस के साथ काम कर रहे हों और वो आपके तनाव को बढ़ा रहे हों।
अब इन सवालों के जवाब आपकी ज़हन में हैं। अब आपको यह कदम उठाने होंगे:
1. काम के प्रति मकसद पहचानिए: आप यह काम, नौकरी या व्यापार किसी वजह से कर रहें है। वो वजह पहचानिए और उसे याद रखिए। यह वजह हो सकती है पैसा जिस से आप अपने परिवार का पालन पोषण करना चाहते हैं, जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं या कुछ पाना चाहते हैं। अगर यह नौकरी आपको अपने मकसद में मदद करती हैं तो उसके प्रति एक सकारात्मक रवैया चुनिए। हर नौकरी में उतार चढ़ाव आते हैं। अगर इस नौकरी की वजह से आपको अपनी मनपसंद की चीज़ें मिलती हैं तो आपको अपने काम को खुशी से करना चाहिए। बाइबिल कहती है:
“इस से अधिक कुछ अच्छा नहीं कि मनुष्य अपने कामों में आनंदित रहे क्योंकि उसका भाग यही है।”
– साभोपदेशक 3: 22
2. ना बोलना सीखिए: अगर सीनियर या मैनेजर आपको क्षमता या समय से अधिक काम लगातार दे रहें हैं तो उनसे बात कीजिए। उनको अपने तनाव के बारे में स्पष्ट रूप से कह दीजिए। आप इंसान हैं भगवान नहीं। आपको ना कहने का हक है।
3. ग़लत आदतें छोड़िये: आपको अगर किसी तरह के नशे की आदत है जैसे धूम्रपान, शराब – तो जान लीजिए कि यह तनाव दूर नहीं करते सिर्फ़ उसको कुछ देर के लिए भुला देते हैं। आप तनाव की वजह से अपनी सेहत और शायद करियर को बर्बाद कर रहें हैं। साथ ही दिन में वो सारी चीज़ें जो आपके समय की बर्बादी करती हैं – उनको निकाल बाहर करिए। बाइबिल कहती है:
“कामकाजी लोग प्रभुता करते हैं, परंतु आलसी बेगार में पकड़े जाते हैं।”
– नीतिवचन 12: 24
4. सीमायें और प्राथमिकतायें बनाइए: हर रोज़ अपने समय और काम की सीमा निर्धारित कीजिए। हर रोज़ के काम की सूची बनाने के साथ हर महीने के काम की गिनती कीजिए। जो ज़्यादा ज़रूरी काम हैं उनको पहले करने की योजना बनाइए।
5. काम और जीवन में संतुलन: कभी भी अपनी कंपनी या मैनेजर को यह मत लगने दीजिए कि आप घर पर या अवकाश के दिनों में भी काम हाथ में ले सकते हैं। कभी भी अपने काम को अवकाश या परिवार के समय के बीच ना आने दीजिए। अपने समय का इस्तेमाल कसरत करने में, घूमने में या परिवार के साथ समय बिताने में दीजिए। काम की ज़ादा टेंशन ना लीजिये।
6. ईमानदारी से काम कीजिए: जितना समय आप ऑफ़िस या काम में बिताते हैं उसे पूरे मन से कीजिए। उस में कभी भी बेईमानी करने से बचिए। मैं मानती हूँ की मैं अपना काम लोगों के लिए नहीं करती बल्कि अपने जीवित परमेश्वर के लिए करती हूँ और वो मुझे हर समय देख रहा है। हमें ईमानदारी का फल ज़रूर मिलता है। बाइबिल में लिखा है:
“बेईमानी से कमाया माल नहीं टिकता; परंतु जो अपने परिश्रम से बटोरता है, उसकी बढ़ती होती है।”
– नीतिवचन 13: 11
7. खुद की खुशी के लिए काम कीजिए: आप जब ईमानदारी से काम करते हैं तो इस बात से फ़र्क नहीं पड़ना चाहिए की लोग क्या सोचते हैं। अगर आप अपने काम से खुश हैं तो लोगों की वजह से तनाव मत पालिए। बाइबिल में लिखा है:
“जो कुछ भी तुम करते हो, तन मन से करो, यह समझकर कि मनुष्यों के लिए नहीं परंतु प्रभु के लिए करते हो।”
– कुलूसियों 3:23
8. प्रार्थना कीजिए: अगर आप अपनी आदतों को बदल नहीं पा रहे हैं, या अपनी परिस्थिति या मैनेजर से परेशान हैं तो प्रार्थना कीजिए। इस से आपका ध्यान अपनी समस्या से उठकर परमेश्वर की ओर जाता है। ऐसे में आप अपनी कमज़ोरी को बारीकी से देख पाते हैं। परमेश्वर आपको समझ देता है और आपके तनाव को दूर करता है।
दोस्तों अगर आपको तनाव के बारे में अब भी कोई सवाल है तो हमें लिखिए।आओ एक नयी मंज़िल की ओर चले।